अंबिकापुर। चक्रवात का असर खत्म होते ही सरगुजा संभाग में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं गांधी स्टेडियम के पास खुले आसमान के नीचे रात बिताने वाले करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक के शरीर पर गर्म कपड़े नहीं थे। आशंका जताई जा रही है कि ठंड के कारण उसकी मौत हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौसम साफ होने के बाद उत्तरी सर्द हवाओं का असर बढ़ गया है। 22 नवंबर को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री था, जो चार दिनों में गिरकर 9.2 डिग्री पर पहुंच गया। मैनपाट और सामरीपाठ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
खुले में सो रहे युवक की मौत
गुरुवार सुबह गांधी स्टेडियम के पास एक युवक मृत अवस्था में मिला। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। बताया गया कि युवक ने बुधवार की रात खुले आसमान के नीचे बिताई थी। गुरुवार सुबह वह प्लास्टिक में चावल लेकर खा रहा था, इसी दौरान अचानक लुढ़क गया और उसकी मौत हो गई। युवक के शरीर पर गर्म कपड़े भी नहीं थे।
चौक-चौराहों पर अलाव की जरूरत
लगातार बढ़ती ठंड के बावजूद अंबिकापुर शहर में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से अब तक प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। गांधी चौक और प्रतीक्षा बस स्टैंड जैसे स्थानों पर रातभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जरूरतमंदों, राहगीरों और खुले में रात बिताने वाले लोगों को ठंड से बचाने के लिए तत्काल अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।