AAJ24

[state_mirror_header]

जमीन विवाद में 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या, चचेरे भाई ने टांगी से किया वार, पुलिस ने किया गिरफ्तार,

Bharat Sharma

सूरजपुर | प्रेमनगर थाना क्षेत्र

- Advertisement -

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत ग्राम महोरा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 14 वर्षीय किशोर की उसके ही चचेरे भाई ने टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल से ही उसके मामा को फोन कर हत्या की सूचना दी और अगले दिन परिजनों के साथ तलाश में शामिल होकर सभी को गुमराह करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।

- Advertisement -

11 फरवरी की शाम लगभग 5 बजे ग्राम महोरा निवासी मंगलूराम पंडो के बड़े बेटे 14 वर्षीय लालसाय के मोबाइल से उसके मामा मंगल साय के पास कॉल आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि लालसाय की हत्या कर दी गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके की ओर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव नहीं मिल सका। अगले दिन सुबह ग्रामीणों के साथ दोबारा जंगल में खोजबीन की गई, जहां पगडंडी किनारे लालसाय का शव बरामद हुआ।

शव की स्थिति से स्पष्ट था कि हत्या धारदार हथियार से की गई है। गले पर गहरे वार के निशान मिले। घटना की सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक के पिता मंगलूराम पंडो ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर उनके बड़े भाई महाबली पंडो से विवाद चल रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू की।

See also  नामली पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी का 10 घंटे में किया पर्दाफाश :300 किमी पीछा कर मेरठ के दो कुख्यात आरोपी गिरफ्तार,विग लगाकर देते थे वारदात को अंजाम; सोने-चांदी के जेवरात और कार बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने महाबली पंडो के बेटे देवसाय पंडो उर्फ देवान (28 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि जमीन विवाद से आक्रोशित होकर उसने योजनाबद्ध तरीके से लालसाय को जंगल की ओर ले जाकर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मृतक का की-पैड मोबाइल तोड़कर सिम और बैट्री अलग कर दी और उसी फोन से मामा को कॉल कर शक को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल, टूटा सिम, बैट्री और घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने चाचा यानी मृतक के पिता को भी मारने की योजना बना रहा था। जमीन विवाद की रंजिश ने उसे इस हद तक आक्रामक बना दिया था कि वह पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखता था।

मामले की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी विराट विशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में प्रधान आरक्षक महेंद्र पटेल, विनय किस्पोट्टा, आरक्षक सत्यम सिंह, दीपक यादव, हरीश दास, नागेंद्र राजवाड़े, गोरेश्वर सिंह, राजू उइके एवं महिला आरक्षक सिंधू कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि जमीन-जायदाद के विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देते हैं। नाबालिग की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Share This Article