सूरजपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिला मुख्यालय में गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को सौंपी गई थी।
समारोह के दौरान 13 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। परेड में जवानों और विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं समर्पण का परिचय दिया। वहीं विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। सम्मान के इस अवसर पर समारोह का माहौल भावुक और गौरवपूर्ण हो गया। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता, शांति और सद्भावना का संदेश दिया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस एवं सुरक्षाबल के जवान, विद्यार्थी, शिक्षक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना दिखाई दी। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के संकल्प के साथ हुआ।



