अंबिकापुर।
सरगुजा संभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले सोमवार को गांधी चौक स्थित श्री दुर्गा शक्ति पीठ अंबिकापुर में विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों के संघ प्रमुखों, परियोजना पदाधिकारियों तथा प्रतिनिधियों ने एक मंच पर एकजुट होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हक-अधिकार के लिए संयुक्त रूप से आवाज उठाने का संकल्प लिया।
बैठक में जशपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी और कोरिया जिलों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद जशपुर जिले की कार्यकर्ताओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए कविता यादव ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होना आवश्यक है। यदि सभी एक मंच और एक बैनर के तहत कार्य करेंगे तो निश्चित ही मांगों को पूरा कराने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के दबाव और प्रताड़ना से डरने की जरूरत नहीं है, संगठन हर परिस्थिति में साथ खड़ा रहेगा।
वहीं पुष्पा श्रेजल ने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने गुणवत्ताविहीन साड़ी वितरण पर भी नाराजगी जताई। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाली कार्यकर्ता-सहायिकाओं के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने और उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
सरगुजा से भुनेश्वरी सिंह ने कहा कि सभी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों को नियमितीकरण की मांग पर एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। वहीं सुचिता मिश्रा ने बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए सभी प्रतिनिधियों की उपस्थिति को संगठन की मजबूती का संकेत बताया।
बैठक में 21 सूत्रीय एजेंडा पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें संगठन की एकजुटता, नियमित बैठक, व्हाट्सएप समूह के माध्यम से समन्वय, हड़ताल और आंदोलन की रणनीति, सेवानिवृत्त कार्यकर्ताओं के हित, न्यायालय में याचिका दायर करने तथा शासन-प्रशासन से मुलाकात जैसे विषय शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने निर्णय लिया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के अधिकारों और मांगों को लेकर पूरे संभाग में संगठित रूप से आगे की रणनीति बनाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी।

