मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा—संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है
आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 एवं दूरभाष +91-771-2223471 पर मिलेगी सहायता
रायपुर, 26 अगस्त 2026। नेपाल में भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा भारत एकजुटता के साथ नेपाल के पीड़ितों के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा आपदा के बीच लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण उत्पन्न संकट के बीच वहां फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सरकार स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन नेपाल में फंसे किसी व्यक्ति के संबंध में सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है। नेपाल में फंसे प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा, आवश्यक सहायता और सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक समन्वय और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरतमंद नागरिकों और उनके परिजनों को समय पर आवश्यक जानकारी एवं मदद उपलब्ध कराई जा सके।




