भरत शर्मा की रिपोर्ट

रतलाम। अमृत 01 योजना के अंतर्गत शहर में डाली गई सीवरेज लाइन के कार्य में अनियमितताओं को लेकर वार्ड क्रमांक 27 की पार्षद एवं कांग्रेस नेता श्रीमती यास्मीन शेरानी ने नगर पालिक निगम आयुक्त को पत्र लिखकर सीवरेज ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग की है।
पार्षद शेरानी ने अपने पत्र में बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सीवरेज कार्य के कारण आमजन और जनप्रतिनिधियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टेंडर की शर्तों के अनुसार कार्य नहीं होने से कई स्थानों पर सीवरेज लाइन टूट चुकी है और नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे नागरिकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया गया है कि सीवरेज कंपनी द्वारा 28 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वे कहां-कहां कार्यरत हैं। इस संबंध में कर्मचारियों की जांच कराने तथा ठेकेदार का भुगतान रोके जाने की मांग की गई है।
पार्षद शेरानी ने बताया कि इस समस्या को लेकर वीडियो के माध्यम से भी नगर निगम प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते शुक्रवार को वार्ड में सफाई अभियान चलाया गया।पार्षद यास्मीन शेरानी खुद वार्ड में करीब दो घंटे खड़े रहकर नालियों की सफाई करवाई गई। उन्होंने कहा कि वार्ड में जो गंदगी इकट्ठी हो रही है, वह सीवरेज व्यवस्था की खामियों के कारण हो रही है।
इस दौरान कांग्रेस वरिष्ठ नेता पार्षद यास्मीन शेरानी के साथ नगर निगम स्वास्थ्य प्रभारी राजेंद्र सिंह पवार, झोन प्रभारी पर्वत हाड़े सहित नगर निगम के दल ने मौके पर मौजूद रहकर नालियों और सड़कों की सफाई का कार्य करवाया।
