भरत शर्मा की रिपोर्ट

गोलाघाट/असम | दिनांक: 0 5अप्रैल 2026 असम प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत गोलाघाट विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पोलिंग एजेंट्स एवं रिलीवर की प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं को भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया
टाउन मंडल एवं अठखेलिया तथा पदुमोनी मंडलों में आयोजित इन प्रशिक्षण सत्रों में नगर क्षेत्र सहित विभिन्न पंचायतों के बूथ अध्यक्ष, बूथ सेक्रेटरी, बूथ पालक, शक्ति केंद्र प्रमुख, पोलिंग एजेंट्स एवं रिलीवर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सांसद श्री शर्मा ने 9 अप्रैल को होने वाले मतदान को लोकतंत्र का महापर्व बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराए उन्होंने पोलिंग एजेंट्स को मतदान प्रारंभ होने से पूर्व की तैयारियों से लेकर मतदान समाप्ति तक की सभी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही फर्जी मतदान पर सतर्क निगरानी रखने, आवश्यकतानुसार आपत्ति दर्ज कराने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने रिलीवर की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे पोलिंग एजेंट्स के सहयोगी के रूप में कार्य करते हुए मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में अहम योगदान दें। कार्यशालाओं में मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं, आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं से संबंधित बारीकियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गोलाघाट म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की चेयरमैन श्रीमती दुलुमोनी बारबोरा, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रदेश प्रवक्ता जयंत गोस्वामी, विधानसभा प्रभारी रंजन सैकिया,सीमान्ता बोरा, टाउन मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना बोरा सैकिया, मंडल अध्यक्ष निपु हजारिका, मंडल प्रभारी जीतू बोरुआ सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सभी 43 बूथों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में “जय भाजपा, तय भाजपा” के उद्घोष के साथ कार्यकर्ताओं ने पूर्ण उत्साह के साथ चुनावी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।
