लगातार दूसरे चरण का अभियान, अब तक 475 मकानों और प्रतिष्ठानों में 1,200 लोगों का पुलिस सत्यापन; मकान मालिकों को सख्त निर्देश
अंबिकापुर। बाहरी राज्यों से आए किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर सरगुजा पुलिस ने लगातार दूसरे चरण का व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 350 मकानों में रह रहे करीब 750 लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे द्वारा सरगुजा रेंज के आईजी को ज्ञापन सौंपकर किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन और मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की मांग के बाद तेज हुई है। इससे पहले भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 125 मकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 450 लोगों के दस्तावेजों की जांच की थी।
डीआईजी-एसएसपी के निर्देश पर चला अभियान
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और मुसाफिरों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर, भगवानपुर और फूंदुरडिहारी, कोतवाली थाना क्षेत्र के नवागढ़ और सत्तीपारा, तथा मणिपुर थाना क्षेत्र के बंजारी, लक्ष्मीपुर और मठपारा सहित कई इलाकों में जांच की।
अभियान के दौरान किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा उनके पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया गया।
मकान मालिकों को चेतावनी
पुलिस ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान न दें। किरायेदार का पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, स्थायी पता और अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित थाना या चौकी में जमा कराना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दो चरणों में 1,200 लोगों का सत्यापन
पुलिस के अनुसार अब तक दो चरणों में 475 मकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है। पहले चरण में 450, जबकि दूसरे चरण में 750 लोगों का सत्यापन किया गया। इस तरह अब तक कुल 1,200 लोगों का पुलिस सत्यापन किया जा चुका है।