होटल के पास दोनों पक्षों में विवाद की सूचना, पुलिस दोनों पक्षों से कर रही पूछताछ; कोतवाली में भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच भी हुई बहस
अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ की जा रही कथित टिप्पणियों को लेकर रविवार को भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो आमने-सामने आ गए। घड़ी चौक स्थित एक निजी होटल के पास दोनों के बीच विवाद बढ़ने की सूचना है। मामला गाली-गलौज तक पहुंचने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली थाने लाया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस भाजपा नेता धीरज सिंह को अपने वाहन से कोतवाली लेकर पहुंची, जबकि आकांक्षा टोप्पो अपने वीडियोग्राफर के साथ निजी वाहन से थाने पहुंचीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद कई भाजपा नेता भी कोतवाली पहुंचे।
दोनों पक्षों को थाने लाने के तरीके पर जताई आपत्ति
कोतवाली पहुंचे भाजपा नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब विवाद दोनों पक्षों के बीच हुआ है तो केवल धीरज सिंह को पुलिस वाहन से थाने क्यों लाया गया।
इस दौरान पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच मामले को लेकर बातचीत भी हुई।
कोतवाली में पुलिस अधिकारियों से हुई बहस
मामले को लेकर कोतवाली में मौजूद सीएसपी राहुल बंसल और भाजपा नेताओं के बीच भी तीखी बहस होने की बात सामने आई है। बताया गया कि सीएसपी द्वारा भाजपा नेताओं को समझाइश दिए जाने के दौरान बातचीत गर्म हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा नेताओं की नाराजगी के चलते कुछ समय के लिए कोतवाली परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा।
सोशल मीडिया पोस्ट को बताया जा रहा विवाद का कारण
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि आकांक्षा टोप्पो द्वारा किसी मामले को लेकर भाजपा सरगुजा जिला पदाधिकारी धीरज सिंह के खिलाफ टिप्पणी की गई थी। इसके बाद धीरज सिंह के समर्थकों की ओर से भी आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसी सोशल मीडिया विवाद के बीच रविवार को दोनों का होटल के पास आमना-सामना हुआ।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर राजनीतिक नेताओं और अन्य लोगों को लेकर की गई टिप्पणियों को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, रविवार को हुए विवाद की वास्तविक परिस्थितियां और दोनों पक्षों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।