Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर में बकरा-बकरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार; चोरी का माल खरीदने वाला और कार मालिक भी शामिल

सुजीत कुमार दत्ता

रात में रेकी कर घरों में घुसते थे आरोपी, बकरा-बकरियों के मुंह पर चिपकाते थे टेप; सियाज कार, दो बकरी और चोरी में इस्तेमाल औजार जब्त

सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं का सूरजपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों, चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति और वारदात में इस्तेमाल कार किराये पर उपलब्ध कराने वाले वाहन मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बकरियां, वारदात में प्रयुक्त मारुति सियाज कार क्रमांक CG 10 VH 9456 तथा लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप जब्त किए गए हैं।

- Advertisement -

दो अलग-अलग घटनाओं में हुई थी चोरी

- Advertisement -

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को करवा निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1-2 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर दो बकरा और दो बकरी चोरी कर लिए। इस मामले में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में अपराध दर्ज किया गया था।

इसी तरह 23 नवंबर को जगतपुर निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई कि 20-21 नवंबर की रात चोरों ने घर में घुसकर तीन बकरा और दो बकरी चोरी कर लिए। इस मामले में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सियाज कार में घूम रहे पांच संदिग्ध पकड़े गए

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

See also  जमीन विवाद में 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या, चचेरे भाई ने टांगी से किया वार, पुलिस ने किया गिरफ्तार,

इसी दौरान 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की सियाज कार में कुछ संदिग्ध लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार सवार पांच लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने करवा और जगतपुर में हुई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

रात में रेकी के बाद देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का तरीका भी बताया। वे वारदात से दो-तीन घंटे पहले संबंधित स्थान पर पहुंचकर घरों की रेकी करते थे। इसके बाद घर में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद पशुओं को लेकर फरार हो जाते थे।

चोरी का माल खरीदने वाला और कार मालिक भी गिरफ्तार

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए पशुओं को सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायकेरा टोकापारा निवासी नुरुल्लाह खान को बेचा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी के दो बकरा खरीदना स्वीकार किया।

जांच में यह भी सामने आया कि वाहन मालिक अजीत पैकरा आरोपियों को प्रतिदिन रात के लिए 7 हजार रुपये किराये पर सियाज कार उपलब्ध कराता था। इसी कार का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था। पुलिस ने वाहन मालिक को भी आरोपी बनाया है।

पांच स्थानों पर चोरी की वारदातों का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर लटोरी चौकी क्षेत्र में दो, खड़गवां क्षेत्र में दो और सरगुजा जिले के लखनपुर में एक स्थान पर चोरी करना स्वीकार किया है। इस तरह अब तक पांच स्थानों पर चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई है।

See also  बलरामपुर आबकारी विभाग का सुरक्षा गार्ड रिश्वत लेते पकड़ा गया, वीडियो वायरल

प्रकरण में चोरी का माल खरीदने वाले नुरुल्लाह खान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 317(4) तथा आरोपियों के विरुद्ध संगठित होकर अपराध करने के संबंध में धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। इनमें नुरुल्लाह खान बगीचा थाना क्षेत्र के बकरी चोरी मामले, दिलचन्द दास उर्फ ममता मोटरसाइकिल चोरी और अजीत पैकरा रामानुजगंज के ज्वेलरी शॉप चोरी मामले में संलिप्त रहा है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह, एएसआई वरुण तिवारी, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं को लेकर सक्रिय गिरोह का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Share This Article