आत्म-जागरूकता, तनाव प्रबंधन और निर्णय लेने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों की दी गई जानकारी
जशपुरनगर, 09 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय जीवन कौशल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन 08 सितंबर को कल्याण आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर में किया गया, जिसमें कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित जीवन कौशल के 10 महत्वपूर्ण आयामों की विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें आत्म-जागरूकता, सहानुभूति, समस्या समाधान, निर्णय लेना, सृजनात्मक सोच, प्रभावी सम्प्रेषण, अंतःवैयक्तिक संबंध, तनाव से निपटना, भावनाओं पर नियंत्रण तथा आलोचनात्मक सोच प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए रुचिकर एवं प्रभावी बनाने के लिए व्याख्यान के साथ मॉडलिंग, खेल-कूद एवं विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच विकसित करने तथा तनावपूर्ण परिस्थितियों से बेहतर तरीके से निपटने के उपाय बताए। इस दौरान गहरी सांस लेने, योग एवं नियमित व्यायाम जैसी गतिविधियों के माध्यम से तनाव कम करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के साइकोलॉजिस्ट, सीनियर नर्सिंग अधिकारी एवं संबंधित कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, कल्याण आश्रम विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने कार्यशाला के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें दैनिक जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक एवं प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए आवश्यक जीवन कौशल विकसित करना रहा।