किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जताया आभार
रायपुर, 21 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत दो प्रमुख मार्गों के मजबूतीकरण एवं उन्नयन कार्यों के लिए 12 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
स्वीकृत कार्यों में शिवपुर से पत्थलगांव मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 5 करोड़ 1 लाख रुपये तथा दुलदुला से चटकपुर-लोटापानी मार्ग, कुनकुरी के 18.6 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 7 करोड़ 62 लाख रुपये शामिल हैं।
किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मिलेगा लाभ
दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के सुदृढ़ीकरण से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। किसानों के लिए कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा। विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं मरीजों और आम नागरिकों की स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
सड़क संपर्क मजबूत होने से यात्रा का समय कम होगा और दूरस्थ गांवों की मुख्य मार्गों, बाजारों तथा आसपास के प्रमुख क्षेत्रों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जशपुर में लगातार मजबूत हो रहा सड़क नेटवर्क
जशपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण, उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मजबूत सड़क नेटवर्क केवल आवागमन को सुगम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी बेहतर होती है।
सड़क अधोसंरचना के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। गांवों और प्रमुख बाजारों के बीच संपर्क मजबूत होने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जताया आभार
दो महत्वपूर्ण मार्गों के मजबूतीकरण के लिए मिली स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क मार्गों के बेहतर होने से लंबे समय से आवागमन में आ रही परेशानियां कम होंगी और लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत आवश्यकता है। इन मार्गों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं मजबूत होंगी तथा लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और बाजारों से बेहतर जुड़ाव मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क अधोसंरचना के निरंतर विस्तार से जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को और अधिक गति मिलेगी।




