सूरजपुर में पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर अभियान की रूपरेखा बताई, संत गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
सूरजपुर | 31 जुलाई 2026।
भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। अभियान के तहत राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में सूरजपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में एमसीबी जिले के भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समानता, मानवता, सेवा और समरसता का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज द्वारा प्रतिपादित ‘बेगमपुरा’ का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय या शोषण न हो। भाजपा इसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशव्यापी अभियान चला रही है।
गुरु पूर्णिमा पर हुआ ‘समरसता दीप महोत्सव’
अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ‘समरसता दीप महोत्सव’ से हुई। इस दौरान देशभर के 51 हजार से अधिक मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 11 हजार दीपों के साथ विशेष दीपोत्सव आयोजित किया गया।
जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी पहुंचेगी देशभर
29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘कलश वंदन अभियान’ चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश विभिन्न राज्यों में भेजे जाएंगे। इन कलशों के माध्यम से देशभर के लगभग 21 हजार स्थानों पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संत संपर्क अभियान से पहुंचेगा समरसता का संदेश
29 जुलाई से 31 अगस्त तक ‘संत संपर्क अभियान’ के तहत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संत-महात्माओं का सम्मान करेंगे तथा समाज में सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश देंगे।
पंजाब से वाराणसी तक निकलेगी समरसता यात्रा
5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुंचेगी। यात्रा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित कई राज्यों से होकर गुजरेगी।
छात्रावासों में होंगे समरसता संवाद
26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक ‘छात्रावास संपर्क अभियान’ के अंतर्गत देशभर के छात्रावासों में विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ ‘समरसता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, विचारों और सामाजिक संदेश से परिचित कराया जाएगा।
‘सबका साथ, सबका विकास’ से जुड़ा अभियान
बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र संत गुरु रविदास महाराज की समरसता एवं सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरित है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत करेगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, जिला संयोजक देवधन बिंझिया, संतोष सोनी, हरीश राजवाड़े सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।