जिला प्रशासन और निकोन छत्तीसगढ़ की पहल, प्रतिभागियों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र,
सूरजपुर। जिला प्रशासन सूरजपुर एवं निकोन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों और युवा प्रतिभागियों ने आधुनिक फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। साथ ही उन्हें इस क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने कैमरा संचालन, फ्रेमिंग, लाइटिंग, कम्पोजिशन, फोटो एवं वीडियो शूटिंग की तकनीकों सहित डिजिटल कंटेंट निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने अभ्यास सत्र के माध्यम से इन तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझा।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन ने कहा कि इस तरह की कौशल आधारित कार्यशालाएं युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।