सूरजपुर। जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान), महतारी सदन निर्माण सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करने, हितग्राहियों को समय पर तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता गतिविधियों को गति देने, बिहान के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा महतारी सदन निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देकर लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाना है।
सूरजपुर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न, कलेक्टर रेना जमील ने योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश