सूरजपुर। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सूरजपुर में एक भव्य मीडिया कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर उभर रहा है।
12 वर्षों का कार्यकाल भारत का स्वर्णिम काल: लक्ष्मी वर्मा
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि लगातार 12 वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करते हुए नरेंद्र मोदी ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह कार्यकाल भारत के इतिहास में हमेशा एक स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ के मूल मंत्र को सिर्फ नारा नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर सच कर दिखाया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदला करोड़ों का जीवन
श्रीमती वर्मा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों गरीब और
मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया है। आज करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, मुफ्त राशन, बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा, रसोई गैस कनेक्शन और घर-घर स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है।
वैश्विक मंच पर बढ़ी भारत की साख
सांसद वर्मा ने कहा कि आज भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। **G-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, तेजी से बढ़ता विदेशी निवेश** और दुनिया के शक्तिशाली देशों के साथ मजबूत होते कूटनीतिक संबंध इस बात का सीधा प्रमाण हैं कि भारत अब विश्व मंच पर एक प्रभावशाली भूमिका में है। भारत अब समस्याओं के घेरे में रहने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को समाधान देने वाला राष्ट्र बन चुका है।
छत्तीसगढ़ में ‘डबल इंजन’ सरकार से तेजी से हो रहा विकास
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में बात करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय (डबल इंजन) के कारण प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना, रेलवे नेटवर्क के विस्तार, किसान हितैषी योजनाओं और
आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हो रहे हैं। राज्य में लाखों परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं और किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव का पुनरुत्थान
उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार ने देश के आर्थिक विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान दी है। कर्तव्य पथ का निर्माण, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और नए संसद भवन जैसी परियोजनाएं देश के इसी गौरवशाली मिसाल का हिस्सा हैं।
कार्यक्रम में ये रहे गरिमामय रूप से उपस्थित
इस महत्वपूर्ण मीडिया कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ शासन की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, और जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।