प्रेमनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा; बाइक, स्कूटी, चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त,
सूरजपुर। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के नाम पर ग्रामीणों को लाखों रुपये का लोन दिलाने और आधी राशि माफ कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले लंबे समय से फरार आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार चंदननगर निवासी मोतीराम ने 1 मई 2026 को थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव के ही गोरेलाल सिंह ने वर्ष 2022 में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाकर 3 से 4 लाख रुपये का लोन दिलाने और उसका आधा हिस्सा माफ कराने का भरोसा दिलाया था।
आरोप है कि आरोपी ने प्रार्थी और उसके पिता के संयुक्त खाते से करीब 9 लाख 95 हजार रुपये का लोन निकलवाया, लेकिन प्रार्थी को मात्र 1 लाख रुपये देकर शेष राशि खुद हड़प ली। आरोपी ने चेकबुक और एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में रखकर खाते से रकम निकाल ली और किस्त जमा करने का झूठा आश्वासन देता रहा।
शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना में आरोपी के खिलाफ धारा 420 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह करजी क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने केवल मोतीराम ही नहीं, बल्कि अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी कर रकम हड़पी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक तथा एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी गोरेलाल सिंह (48 वर्ष) निवासी चंदननगर थाना प्रेमनगर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विराट बिशी, एएसआई सिप्रियन टोप्पो, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।