लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी जनपद में दो बड़े कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं. जनपद के चंदन चौकी पलिया और धौरहरा, मोहम्मदी जाएंगे. जहां धौरहरा में सीएम योगी बांग्लादेश से विस्थापित हिंदू परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र सौंपेंगे. वहीं में 314 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.
सीएम योगी ने एक्स पर जानकारी दी है कि ‘लखीमपुर खीरी की पावन धरती पर आज अधिकार, विकास और अपने पक्के आवास का स्वप्न एक साथ साकार होंगे. बांग्लादेश से विस्थापित 331 हिंदू परिवारों को संक्रमणीय और असंक्रमणीय भूमिधरी अधिकार पत्र का वितरण और 213 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाएगा. साथ ही, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थियों को उनके आवास की चाबियां भी प्रदान की जाएंगी. ये सभी कार्य डबल इंजन सरकार के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सम्मान और सुविधा पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक हैं.’
एक और पोस्ट कर सीएम ने जानकारी दी है कि ‘आज लखीमपुर खीरी में सेवा, संवेदना और संकल्प का एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है. स्थानीय थारू परिवारों और नदियों द्वारा भूमि क्षरण से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश से आकर यहां बसे परिवारों को भौमिक अधिकार पट्टों का आवंटन किया जाएगा. साथ ही 314 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया जाएगा. अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए, डबल इंजन सरकार हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन और हर क्षेत्र को प्रगति के नए अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.’
