सूरजपुर । प्रतापपुर जनपद क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभिन्न ग्रामों में चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए ताकि ग्रामीणों को वास्तविक लाभ मिल सके।
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री पाटले ने कहा कि सभी विकास कार्यों का क्रियान्वयन गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य समयसीमा में पूर्ण हों गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे ।लापरवाही बरतने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी ।
प्रशासनिक टीम रही मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा, डीएमसी श्री मनोज साहू, एसडीएम प्रतापपुर श्रीमती ललिता भगत, तहसीलदार श्री सुरेश राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद पंचायत सीईओ अनिल तिवारी, मनरेगा एवं पीएम आवास से जुड़े अधिकारी, पंचायत सचिव और रोजगार सहायक भी मौके पर मौजूद रहे।
योजनाओं की निगरानी से बढ़ेगी विकास की गति
जिला पंचायत सीईओ द्वारा किया गया यह औचक निरीक्षण न केवल योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन था, बल्कि यह सुनिश्चित करने की पहल भी थी कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं सही तरीके से धरातल पर उतरें। इस तरह के नियमित निरीक्षण से विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से होगा।
मदन नगर में मनरेगा के तहत तालाब निर्माण का अवलोकन
निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत मदन नगर से हुई, जहाँ मनरेगा के अंतर्गत निर्माणाधीन अटल/लालासाय तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया गया।सीईओ श्री पाटले ने कार्य की गुणवत्ता, निर्माण की गति और तकनीकी मानकों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
जगन्नाथपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना का जायजा
इसके बाद ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। कोवलेश्वर, राजमाडी, रंजीता और सुरंती के आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधूरे आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हितग्राहियों को समय पर सहायता मिले और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कनकनगर में स्कूल और पंचायत भवन की व्यवस्था का निरीक्षण
निरीक्षण के अगले चरण में ग्राम पंचायत कनकनगर में डीएवी स्कूल एवं पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने वहां की व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं और संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि संस्थानों की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए।