सूरजपुर । पंचमढ़ी में आयोजित राज्य स्तरीय पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर में सूरजपुर जिले के स्काउट एवं गाइड्स विद्यार्थियों ने साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
पांच दिवसीय इस शिविर ने विद्यार्थियों को रोमांच, अनुशासन और कौशल विकास का अनूठा अनुभव प्रदान किया। पिपरिया से लगभग 52 किलोमीटर दूर स्थित हिल स्टेशन पंचमढ़ी में आयोजित यह शिविर विशेष रूप से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने पर केंद्रित है।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला कमिश्नर भारत स्काउट एंड गाइड अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने के साथ- साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न साहसिक गतिविधियों में भाग लिया। गाइड प्रतिभागियों ने पहाड़ों की ट्रेकिंग, रोप कोर्स और नौका विहार का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया, वहीं स्काउट विद्यार्थियों ने राइफल शूटिंग, आर्चरी और विभिन्न ट्रेकिंग गतिविधियों में हिस्सा लिया।
इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने न केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि टीमवर्क, संतुलन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी दिखाई। राज्य काउंसलर रामदत्त पटेल ने बताया कि राज्य मुख्यालय द्वारा सूरजपुर जिले को इस शिविर में प्राथमिकता दी गई है, जिससे यहां के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले के स्काउट- गाइड्स इस तरह के आयोजनों से लाभान्वित होते रहेंगे। शिविर में आगामी दिनों के लिए भी कई चुनौतीपूर्ण और आकर्षक गतिविधियां प्रस्तावित हैं, इनमें हाइकिंग, पंचमढ़ी के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ट्रेकिंग, स्काई साइकिलिंग, वैली क्रॉसिंग, ऑब्स्टेकल कोर्स और जोरबिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं।साथ ही स्काउटिंग एवं गाइडिंग से संबंधित विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।
इस पूरे आयोजन का संचालन साहसिक कार्यक्रम अधिकारी बिलकिस शेख के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।राज्य प्रभारी किरण सिंह ठाकुर सहित सहायक स्टाफ और सूरजपुर जिले से जुड़े प्रभारी शिक्षक एवं पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
जिले के मुख्य आयुक्त संदीप अग्रवाल, अध्यक्ष शंकर यादव, राज्य सहायक आयुक्त पीताम्बर मरावी, जिला सचिव उमेश कुमार गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को उनके साहस और प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
यह शिविर सूरजपुर के विद्यार्थियों के लिए न केवल एक रोमांचक अनुभव साबित हो रहा है, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है।
