सूरजपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सूरजपुर द्वारा सेवा दिवस के रूप में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 16 स्थित दुर्गा पंडाल में हुआ, जहां श्रमिकों और स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा की मंशा के अनुरूप जिला अध्यक्ष देव गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, भाजपा महामंत्री शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री रितेश गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल और वार्ड पार्षद बीसेन तायल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ हुई।
श्रमिकों के हाथों कटा केक
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर केक श्रमिक कार्यकर्ताओं के हाथों कटवाया गया। इसके बाद श्रमिकों और स्वच्छता कर्मियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर श्रमिकों ने आभार व्यक्त किया और समाज सेवा में निरंतर योगदान देने का संकल्प दोहराया।
श्रमिक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
भाजयुमो जिला अध्यक्ष देव गुप्ता ने कहा कि श्रमिक समाज राष्ट्र निर्माण की नींव हैं। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जन्मदिन को सेवा और समर्पण दिवस के रूप में मनाया गया, ताकि समाज के मेहनतकश वर्ग को सम्मान मिल सके।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने मुख्यमंत्री के सरल स्वभाव और जनहितकारी योजनाओं की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने युवाओं से समाजसेवा के लिए प्रेरित होने का आह्वान किया।
सामाजिक समरसता का संदेश
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुकेश साहू सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम को जनउत्सव का रूप मिला।
भाजयुमो द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिन सेवा और सम्मान के रूप में मनाकर श्रमिक वर्ग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश की प्रगति और मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।



