एक्सक्लूसिव | रायपुर
आज रायपुर जिले के विकासखंड अभनपुर अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत केंद्री में बरगद पेड़ के नीचे बाल चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने हायर सेकेंडरी स्कूल सहित छोटे बच्चों से सीधे संवाद किया।
बाल चौपाल के दौरान बच्चों को शिक्षा, सामाजिक वातावरण, बाल शोषण, बाल श्रम, बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं बच्चों के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। डॉ. शर्मा ने बच्चों से खुलकर बातचीत कर उनकी समस्याएं और मन की बात जानी।
कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए कुछ बच्चों को पुरस्कार भी दिए गए। शिक्षा को और बेहतर बनाने के संबंध में बच्चों से सुझाव मांगे जाने पर स्कूल में कंप्यूटर सेट की मांग सामने आई, जिस पर डॉ. शर्मा ने शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सरपंच श्री नेतराम साहू, हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती शोभा नायर, सभी व्याख्याता, प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के प्रधानपाठक व शिक्षक, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, कार्यकर्ता व सहायिका सहित बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
बाल चौपाल का यह आयोजन बच्चों के अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य को लेकर एक प्रभावी पहल साबित हुआ।



