Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

क्या हेमेंत सोरेन बचा पाएंगे अपनी कुर्सी झारखंड के चुनाव नतीजे कर देंगे फैसला

Aaj 24
By Aaj 24

रांची/ झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना के लिये तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। राजनीतिक नेताओं और पार्टियों को उत्सुकता से परिणामों का इंतजार है। आज के नतीजे यह तय करेंगे कि झारखंड में अगली सरकार भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बनाएगा या झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन एक बार फिर सत्ता पर काबिज होगा।

- Advertisement -

इस बार मतदान रिकॉर्ड 67.74 प्रतिशत तक पहुंच गया,जो 15 नवंबर 2000 को राज्य के गठन के बाद से सबसे अधिक है। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि 23 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर मतगणना के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग से पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। डाक मतपत्रों की निष्पक्ष गणना सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक टेबल का नेतृत्व एक एआरओ करेंगे।

- Advertisement -

अधिकारी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया मीडिया और उम्मीदवारों या उनके एजेंटों की पूरी निगरानी में पारदर्शी तरीके से होगी, जिन्हें प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ‘स्ट्रांग रूम’ को पर्याप्त सुरक्षा और वीडियो निगरानी से सुदृढ़ किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि डाक मतपत्रों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी और रुझान सुबह नौ से सवा नौ बजे तक आने शुरू हो जाएंगे। प्रदेश में चुनाव दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को हुए। कुल 81 सीटों में से 43 निर्वाचन क्षेत्रों में पहले चरण में मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान हुआ। राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत ‘इंडिया’ और भाजपा नीत राजग के बीच कड़ा चुनावी मुकाबला देखने को मिला, जिसमें झामुमो फिर सत्ता पर काबिज होने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा सत्ताधारी गठबंधन से सत्ता छीनने के लिये प्रयासरत है।

See also  60 साल में पहली बार महाराष्ट्र विधानसभा में कोई विपक्ष का नेता नहीं, जानें ऐसा क्यों हुआ

कुछ एग्जिट पोल का अनुमान है कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता से बाहर कर देगा, जबकि अन्य का अनुमान है कि झारखंड में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की वापसी होगी। सभी की निगाहें उन प्रमुख सीटों पर होंगी जो प्रमुख राजनेताओं के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बरहेट से,उनकी पत्नी कल्पना ने गांडेय से,जबकि विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी (भाजपा) ने चंदनकियारी से चुनाव लड़ा है। कुल 1,211 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें धनवार में भाजपा के बाबूलाल मरांडी और नाला में झामुमो के रवींद्र नाथ महतो शामिल थे। अन्य प्रमुख नेताओं में महागामा से कांग्रेस की दीपिका पांडे सिंह, जामताड़ा से सीता सोरेन (मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी), सिल्ली से ‘ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन’ (आजसू) प्रमुख सुदेश महतो और सरायकेला से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शामिल थे।

Share This Article